ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के बीच अमेरिकी सेना ने बुधवार को एक ईरानी तेल टैंकर पर हमला कर दिया है। इस कार्रवाई के साथ ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर समझौते का दबाव बढ़ाते हुए चेतावनी दी है कि अगर समझौता नहीं हुआ तो बमबारी फिर से शुरू हो सकती है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, यह हमला ओमान की खाड़ी में हुआ, जब एक ईरानी तेल टैंकर अमेरिकी नाकाबंदी को तोड़कर बंदरगाहों की ओर जाने की कोशिश कर रहा था।
कमांड के मुताबिक, एक लड़ाकू विमान ने टैंकर के रडर यानी कि दिशा नियंत्रित करने वाले हिस्से को निशाना बनाया। हालांकि इस समय ईरान और अमेरिका के बीच आधिकारिक रूप से ‘सीजफायर’ लागू है, फिर भी क्षेत्र में तनाव लगातार बना हुआ है। ईरान की सरकार ने कहा है कि वह अमेरिका के नए प्रस्तावों पर विचार कर रही है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि 2 महीने से चल रहा युद्ध जल्द खत्म हो सकता है और जंग के कारण रुकी हुई तेल और गैस आपूर्ति फिर से शुरू हो सकती है।
ट्रंप ने जंग को लेकर यह भी कहा कि यह सब इस बात पर निर्भर करेगा कि ईरान अमेरिका की शर्तें मानता है या नहीं। उन्होंने चेतावनी देते हुए लिखा, ‘अगर वे सहमत नहीं हुए तो बमबारी शुरू होगी। अगर समझौता नहीं होता है तो हम हमला करेंगे और यह पहले से कहीं ज्यादा बड़े स्तर और ज्यादा तीव्रता वाला होगा।’ ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के अधिकारी युद्ध खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘हम उन लोगों से बात कर रहे हैं जो समझौता करना चाहते हैं, और हम देखेंगे कि क्या वे हमारे लिए संतोषजनक समझौता कर सकते हैं।’
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।