रायपुर : प्रदेश के स्कूलों में अब 20 से ज्यादा प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई होगी। समग्र शिक्षा की ओर से कक्षा 12वीं में 5 नए प्रोफेशनल कोर्स शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसका प्रस्ताव भेजा गया है और मंजूरी के बाद कोर्स को लागू किया जाएगा। प्रस्ताव की मंजूरी के बाद ड्रोन टेक्नोलाॅजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ई-व्हीकल रिपेयरिंग, सोलर टेक्नीशियन और डेटा ऑटोमेशन जैसे प्रोफेशनल कोर्स शुरू किए जाएंगे। अभी स्कूलों में 15 प्रोफेशनल कोर्स संचालित हैं। नए विषय शामिल होने के बाद 20 ट्रेड हो जाएंगे। नई शिक्षा नीति के तहत स्कूली शिक्षा को रोजगारपरक बनाया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में प्रोफेशनल कोर्स में विषय बढ़ाए जा रहे है। राज्य में कक्षा 12वीं में लगभग 1250 स्कूलों में अलग- अलग ट्रेड की पढ़ाई कराई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पांच नए कोर्स शुरू होने के बाद 200 स्कूलों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। यानी लगभग 1450 स्कूलों में प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई होगी। इससे आने वाले समय में इन कोर्स की पढ़ाई करने वाले छात्रों के पास स्वरोजगार का विकल्प भी होगा।


