Patna Violence: बिहार की राजधानी पटना से छात्रों के भारी बवाल की खबर सामने आई है. पाटलिपुत्र स्टेशन पर ट्रेन लेट होने से गुस्साएं हजारों छात्रों ने जबरदस्त हंगामा किया, नारेबाजी की. इस दौरान पथराव और तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई. जिसमें कई पुलिसकर्मी के भी घायल होने की सूचना है. फिलहाल पुलिस और रेलवे पुलिस फोर्स की स्थिति को कंट्रोल कर विधि-व्यवस्था सामान्य बनाने की कोशिश में जुटी है. मिली जानकारी के अनुसार आज बिहार में मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा होनी है. दो पालियों में आयोजित होने वाली इस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की भारी भीड़ सुबह से ही रेलवे स्टेशनों पर जुटी थी. पाटलिपुत्र स्टेशन पर भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जुटे थे. लेकिन अभ्यर्थी जिस ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, वो लगातार लेट होती जा रही थी. जिससे छात्रों का गुस्सा भड़क उठा. आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि लगभग 2-3 घंटे हंगामा हुआ. पहली पाली के कुछ छात्र शायद समय पर सेंटर नहीं पहुंच पा रहे थे, इसलिए हंगामा किया. उन्होंने यह भी बताया कि पथराव में कुछ जवान घायल हुए हैं. आंसू गैस के गोल और फायरिंग भी दागे गए.





