दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision- SIR) की प्रक्रिया 30 जून (मंगलवार) से शुरू होने जा रही है। इस अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट और सत्यापित करने का काम किया जाएगा। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारी (BLO) 29 जुलाई तक मतदाताओं से जुड़ी जानकारी जुटाने का काम करेंगे। इस दौरान सभी मौजूदा मतदाताओं को प्रिंटेड फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसमें उन्हें अपनी व्यक्तिगत जानकारी की जांच कर आवश्यक संशोधन या अपडेट करना होगा। फॉर्म भरने के बाद बीएलओ घर-घर जाकर इन्हें एकत्र करेंगे और मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।
प्रक्रिया को सुचारु और आसान तरीके से पूरा करने के लिए बड़ी संख्या में चुनाव कर्मियों और बूथ स्तर के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया गया है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के लिए करीब 13 हजार बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), 1300 सुपरवाइजरों और लगभग 30 हजार बूथ लेवल एजेंट (BLA) को ट्रेनिंग दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से जानकारी जुटाएंगे, जबकि बीएलए मतदाताओं की सहायता के लिए काम करेंगे। बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों (BLA) को मतदाताओं की मदद के लिए नामित किया है।
SIR के लिए 3 करोड़ से ज्यादा फॉर्म छपे
इसी सिलसिले में दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी ने आम आदमी पार्टी, बीजेपी, कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को SIR प्रक्रिया की जानकारी दी गई और अभियान को सुचारु रूप से पूरा करने को लेकर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के लिए 3 करोड़ से ज्यादा फॉर्म छपवाए जा रहे हैं। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, 30 जून से SIR प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी जिला चुनाव कार्यालयों में विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें छपे हुए फॉर्म की छंटाई करेंगी और उन्हें संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) तक पहुंचाएंगी।
चुनाव अधिकारियों ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को अभियान की प्रक्रिया और जिम्मेदारियों के बारे में दिशा-निर्देश दिए हैं। एक चुनाव अधिकारी के अनुसार, 30 जून से कुछ दिन पहले ही सभी BLO को SIR के लिए फॉर्म उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक BLO को मतदाताओं से संपर्क के लिए कम से कम तीन बार घरों का दौरा करना होगा। अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी घर पर ताला लगा मिलता है या कोई मतदाता उस समय उपलब्ध नहीं होता है, तो BLO अपना मोबाइल नंबर वहां छोड़ेंगे, ताकि संबंधित लोग उनसे संपर्क कर SIR प्रक्रिया पूरी कर सकें।
इन दस्तावेजों में से किसी एक को रखें तैयार
• जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate)
• पासपोर्ट
• शैक्षणिक प्रमाण पत्र 10वीं (मैट्रिक) या कॉलेज का सर्टिफिकेट
• मूल निवास प्रमाण पत्र
• सरकारी सेवा पहचान पत्र
• पेंशनर डायरी
• 1 जुलाई 1987 से पहले जारी दस्तावेज भारत सरकार, स्थानीय निकाय, बैंक, डाकघर, एलआईसी (LIC) या सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU) द्वारा इस तारीख से पहले जारी कोई पहचान पत्र या प्रमाण पत्र
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।