हाथों में रची शादी की मेहंदी और अगले ही दिन बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा. बेगूसराय की कोमल कुमारी के लिए यह फैसला आसान नहीं था. जिस वक्त घर में शादी की रस्में और विदाई का माहौल था, उस वक्त कोमल अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी परीक्षा में बैठ रही थीं. एक तरफ किसान पिता और आंगनबाड़ी सेविका मां का संघर्ष था, तो दूसरी तरफ अफसर बनने की जिद. कोमल ने शादी के ठीक 24 घंटे के भीतर परीक्षा दी और जब जून 2026 परिणाम आया तो 70वीं BPSC में 89वीं रैंक हासिल कर सीधे DSP का पद अपने नाम कर लिया.
धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम गिरफ्तार, युवक को गोली मारने के आरोप में कोर्ट ने भेजा जेल
मां के संघर्ष को बनाया संकल्प
बिहार के बेगूसराय जिले के भगवानपुर प्रखंड के पाली गांव की रहने वाली कोमल कुमारी की सक्सेस स्टोरी किसी प्रेरणा से कम नहीं है. उनके पिता अवनीश कुमार सिंह एक साधारण किसान हैं और उनकी मां उषा कुमारी आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति शुरू से ही चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन शिक्षा को लेकर माता-पिता ने कभी कोई समझौता नहीं किया.
आमीन की नौकरी छोड़ी, लक्ष्य पर अडिग रहीं कोमल
बेहतर भविष्य और परिवार की मदद के लिए कोमल ने हार नहीं मानी. 2022 में उनका चयन बिहार सरकार के राजस्व विभाग में ‘आमीन’ के पद पर हुआ. नौकरी मिलने के बाद भी कोमल का मन संतोष से भरा नहीं था. वह किसी बड़े लक्ष्य की ओर देख रही थीं. 2024 में उन्होंने आमीन के पद से इस्तीफा दे दिया ताकि वे अपनी तैयारी को पूर्ण समय दे सकें. हालांकि, यह राह आसान नहीं थी. पहले प्रयास में उन्हें असफलता हाथ लगी, लेकिन कोमल ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने अपनी कमियों को पहचाना, गलतियों को सुधारा और दोगुनी मेहनत के साथ खुद को तपाया.
शादी के अगले दिन परीक्षा और DSP का पद
कोमल की इस कामयाबी का सबसे रोमांचक मोड़ उनकी शादी के दौरान आया. जिस दिन उनकी परीक्षा थी, उसके ठीक एक दिन पहले ही उनकी शादी हुई थी. शादी की रस्मों और परीक्षा के दबाव के बीच कोमल ने अपना संतुलन नहीं खोया. उनकी मेहनत रंग लाई और 70वीं बीपीएससी की परीक्षा में उन्होंने 89वीं रैंक लाकर सीधे डीएसपी का पद हासिल किया. कोमल की इस असाधारण उपलब्धि ने समाज के सामने एक मिसाल पेश की है. उन्होंने साबित कर दिया कि विपरीत परिस्थितियां और सीमित संसाधन सफलता के रास्ते में दीवार नहीं, बल्कि सीढ़ियां बन सकती हैं. आज कोमल की सफलता पर न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा क्षेत्र गर्व कर रहा है.
SIR में वोटर लिस्ट से नाम हटा तो क्या नहीं मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ? जानिए सुप्रीम कोर्ट का जवाब
कोमल के पति ने भी क्रैक की बीपीएससी
बता दें कि कोमल की शादी 11 दिसंबर 2024 में पटना जिले के विकास कुमार सिंह के साथ संपन्न हुई थी शादी के ठीक अगले दिन यानी 13 दिसंबर 2024 को 70वीं बीपीएससी की परीक्षा थी. वहीं 70वीं बीपीएससी की परीक्षा में 1058वां रैंक लाकर विकास कुमार सिंह बने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी का पद प्राप्त किया है. पति-पत्नी की इस दोहरी सफलता से जिले में खुशी की लहर है.