Rajasthan Nikay Chunav 2026 के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार सुबह शुरू हो गया है। राजस्थान के 147 शहरी निकायों में 4,744 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कुल 87 लाख 60 हजार 884 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। ज्यादातर वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि कई जगह निर्दलीय और अन्य दलों के उम्मीदवारों ने मुकाबले को त्रिकोणीय या चतुष्कोणीय बना दिया है। दूसरे चरण में जयपुर नगर निगम सबसे ज्यादा उम्मीदवारों वाला निकाय है। यहां 723 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके उलट धोरीमन्ना नगरपालिका में सबसे कम 41 उम्मीदवार हैं। वहीं, झुंझुनूं की मंड्रेला नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 में महज 92 मतदाता पंजीकृत हैं। ऐसे में छोटे-बड़े निकायों में चुनावी तस्वीर अलग-अलग नजर आ रही है।


