हनुमानगढ़ : राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शन के कारण आज भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। गुरुवार सुबह से प्रदर्शन स्थल के पास के गुरुद्वारे में किसानों की भीड़ लगी हुई है। ऐसे में तनाव बढ़ने की आशंका है। प्रशासन की ओर से जिले के टिब्बी क्षेत्र में आज भी इंटरनेट बंद है। वहीं, पुलिस प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का सख्त पहरा है। इससे पहले बुधवार को इथेनॉल प्लांट के विरोध के चलते टिब्बी क्षेत्र में हालात बेकाबू हो गए। राठीखेड़ा गांव के पास चक पांच आरके में निर्माणाधीन इथेनॉल फैक्ट्री के खिलाफ पिछले 15 माह से चल रहा आंदोलन महापंचायत के बाद अचानक हिंसक हो उठा था। हजारों की भीड़ बैरिकेडिंग तोडक़र फैक्ट्री परिसर में घुस गई और दीवारें गिरा दीं। कई जगह तोडफ़ोड़ के बाद करीब 14 वाहनों में आग लगा दी।


