Ireland on T20 World Cup 2026: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को आईसीसी से कहा कि भारत की बजाय श्रीलंका में खेलने के लिये टी20 विश्व कप में उसे ग्रुप बी में आयरलैंड की जगह शामिल कर दिया जाये. बांग्लादेश ग्रुप सी में वेस्टइंडीज, इटली, इंग्लैंड और नेपाल के साथ है और उसे लीग मैच कोलकाता तथा मुंबई में खेलने हैं. आयरलैंड ग्रुप बी में श्रीलंका, आस्ट्रेलिया, ओमान और जिम्बाब्वे के साथ है जिसे अपने मैच कोलंबो और पल्लेकेले में खेलने हैं. हालांकि, क्रिकेट आयरलैंड ने कहा कि उन्हें ‘पक्की गारंटी’ मिली है कि उनके वर्ल्ड कप शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होगा. क्रिकेट आयरलैंड ने यह भी कहा कि वे अपने सभी वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में खेलेंगे. क्रिकेट आयरलैंड के एक अधिकारी ने क्रिकबज को एक बयान में बताया, “हमें पक्की गारंटी मिली है कि हम ओरिजिनल शेड्यूल से नहीं हटेंगे, हम निश्चित रूप से ग्रुप स्टेज श्रीलंका में ही खेलेंगे.”


