Trump Tariff on India: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ एक ट्रेड एग्रीमेंट की घोषणा की है, जिससे भारतीय सामानों पर वसूला जा रहा टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। बताते चलें कि अमेरिका ने पिछले साल भारत पर 25 प्रतिशत का रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था। इसके साथ ही, अमेरिका ने रूस से कच्चा तेल खरीदने की वजह से भारत पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ भी लगाया था।
इस तरह से अमेरिका ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया था। डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल 25 प्रतिशत के रेसिप्रोकल टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की है, जबकि रूस से कच्चा तेल खरीदने की वजह से लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ पर अभी फैसला नहीं हुआ है।
रूसी तेल की खरीद बंद होने पर 25% का अतिरिक्त टैरिफ भी हटा देगा अमेरिका
वाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिका, भारत पर रूसी तेल खरीदने के लिए लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ को भी हटा देगा क्योंकि भारत ने रूस से तेल की खरीद को कम किया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि 25 प्रतिशत के अतिरिक्त टैरिफ को हटाने के लिए भारत को रूस से कच्चे तेल की खरीद को पूरी तरह से बंद करना होगा, न कि सिर्फ कम करना होगा। नए टैरिफ रेट के साथ, अब भारत को अमेरिकी टैरिफ के मामले में चीन, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, वियतनाम, बांग्लादेश से कम टैरिफ चुकाना होगा। अमेरिका अभी अपने सबसे करीबी देशों और संघों से न्यूनतम 10 प्रतिशत तक टैरिफ ले रहा है।
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।