Sadhvi Prem Baisa : साध्वी प्रेम बाईसा की अचानक हुई मौत की गुत्थी अभी तक पूरी तरह नहीं सुलझी है. एसीपी छवि शर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT)मामले की जांच कर रहा है. ताज़ा घटनाक्रम में साध्वी को मृत्यु वाले दिन दो इंजेक्शन देनेवाले कंपाउंडर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. SIT की जांच में कंपाउंडर के खिलाफ लापरवाही के सबूत मिले हैं. पुलिस ने एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की है. इस बारे में बोरानाडा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस बीच एक और नए घटनाक्रम में साध्वी के पिता की सेहत बिगड़ने की ख़बर आई है.
साध्वी प्रेम बाईसा के अंतिम क्षणों में उनके पिता विरमनाथ ही उनके साथ थे. विरमनाथ ने साध्वी की मौत के लिए कंपाउंडर को ही ज़िम्मेदार ठहराया था. वह लगातार कहते रहे कि उनकी बेटी ने अंतिम समय में उनसे कहा था कि पापा गुरुजी मुझे न्याय चाहिए. इसके बाद से ही पिता विरमनाथ लगातार न्याय की गुहार लगा रहे हैं. उन्होंने अपनी बेटी की मौत के बाद से अन्न खाना छोड़ दिया है और उनका कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा तब तक वो अनाज नहीं खाएंगे. कल, 16 फरवरी की रात उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें रात 10:00 बजे के करीब जोधपुर के एमडीएम अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया. वहां उन्हें लगभग 2 घंटे रखकर जांच और इलाज किया गया और आधी रात को डिस्चार्ज किया गया. पिता ने अस्पताल में कहा कि उन्हें ईश्वर और जांच अधिकारियों पर पूरा भरोसा है कि वो प्रेम बाईसा को न्याय दिलाएंगे.
साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के मामले में विशेष जांच दल के सामने अभी कई सवाल मौजूद हैं जिनकी गुत्थी सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि, डॉक्टरों की रिपोर्ट में साध्वी को अस्थमा और कार्डियक अरेस्ट से प्राकृतिक मृत्यु की पुष्टि हो गई है. लेकिन पुलिस ने डॉक्टरों से दोबारा राय मांगी है. इसके अलावा साध्वी की मृत्यु के प्रकरण में एक और बात की बड़ी चर्चा हुई थी कि उनके इंस्टाग्राम आईडी से मृत्यु के 4 घंटे बाद ही मैसेज क्यों अपलोड किया गया. पुलिस अब इस बारे में भी अंदरूनी तौर पर जांच कर रही है.
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।