Weather Updates: उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम ने अप्रत्याशित करवट ली है. कहीं पहाड़ों पर ताजा बर्फ की सफेद चादर बिछ रही है, तो कहीं मैदानों में तापमान इतना बढ़ गया है कि लोगों को मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है. मौसम के इस तेजी से बदलते मिजाज ने पहाड़ से लेकर मैदान तक लोगों को हैरान कर दिया है. उत्तर-पश्चिम भारत इन दिनों बड़े पैमाने पर मौसमीय उतार-चढ़ाव का सामना कर रहा है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर बारिश और बर्फबारी हुई है, जबकि जम्मू-कश्मीर में असामान्य गर्मी दर्ज की जा रही है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग (आईएमडी) ने इस सप्ताह उत्तर-पश्चिमी राज्यों में दिन के तापमान में और बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जारी किया है.


