उत्तराखंड में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून जैसे मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच सकता है. राज्य सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी है. स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से निपटने के लिए अस्पतालों में पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.
इन राज्यों में लू का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 24 मई तक लू की स्थिति बनी रह सकती है. मध्य प्रदेश के 31 जिलों में भी लू का अलर्ट जारी किया गया है. बिहार, तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
वहीं दूसरी तरफ दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून ने दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मॉनसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है.
CCTV Camera Type: Eyeball, Dome और Bullet, घर में किस जगह लगाएं कौन सा CCTV कैमरा? खरीदने से पहले जान लें हर बात
असम, मेघालय में होगी बारिश
पूर्वोत्तर भारत में 19 मई को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी तेज बारिश की संभावना है. केरल के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और खराब मौसम दोनों से सतर्क रहने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर में धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और बिजली कड़कने या तेज आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें.