IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का सफर खत्म होते ही टीम के अंदर बड़े बदलाव की आहट तेज हो गई है। लगातार दूसरे सीजन खराब प्रदर्शन के बाद अब सबसे बड़ा सवाल कप्तानी को लेकर उठने लगा है। टीम मैनेजमेंट के हालिया बयान ने संकेत दे दिए हैं कि आने वाले समय में फ्रेंचाइजी बड़ा फैसला ले सकती है, और इसकी सबसे ज्यादा आंच कप्तान ऋषभ पंत पर पड़ती दिख रही है। लखनऊ सुपर जायंट्स के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ हार के बाद साफ कहा कि टीम को रीसेट की जरूरत है और कप्तानी समेत हर विभाग की समीक्षा की जाएगी। IPL 2026 में टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और LSG पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले दो स्थानों में शामिल रही। इससे पहले 2025 में भी टीम सातवें स्थान पर रही थी।
पेड़ कटे, गर्मी बढ़ी… क्या साँस लेना भी होगा मुश्किल? अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में भारत के प्राकृतिक जंगलों पर गंभीर चेतावनी – मौसम, बारिश, तापमान और जैव विविधता पर बढ़ता खतरा
पंत का कप्तानी रिकॉर्ड बहुत खराब
ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अब तक 28 मैच खेले हैं, जिनमें सिर्फ 10 जीत मिलीं जबकि 18 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। टॉम मूडी ने माना कि कप्तानी का दबाव पंत की बल्लेबाजी पर भी असर डाल रहा है।मूडी ने पंजाब किंग्स से हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कप्तानी पंत के लिए चुनौतीपूर्ण रही है और नतीजे भी इसे दिखाते हैं। हमें यह भी देखना होगा कि क्या इसका असर उनकी बल्लेबाजी पर पड़ा। इस सीजन हम उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्हें पता है कि यह सीजन हमारे लिए मुश्किल रहा है, लेकिन हम इस पर विचार करेंगे, हम समय लेंगे, हम इस पर सोच-विचार करेंगे। हम सभी बातों पर गौर करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि टीम किसी एक खिलाड़ी को दोष नहीं दे रही, लेकिन हर विभाग की गहराई से समीक्षा की जाएगी और भविष्य को ध्यान में रखते हुए कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से, हम उन उम्मीदों या मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं, जिनकी हम खुद से अपेक्षा करते हैं। और जब फ्रेंचाइजी की लीडरशिप की बात आती है, तो यह निश्चित रूप से एक ऐसा विषय है जिस पर हम बहुत गंभीरता से विचार करेंगे। हम देखेंगे कि भविष्य में इसकी रूपरेखा कैसी होगी। हर दूसरे विभाग की तरह, जब आप किसी सीजन का आकलन करते हैं, तो हम भी कुछ सोच-समझकर फैसले लेंगे, लेकिन ऐसा निश्चित रूप से प्रतीत होता है कि अब हमें एक नए सिरे से शुरुआत करने पर विचार करने की आवश्यकता है।
आज UPSC प्रीलिम्स परीक्षा: 8,000 से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल, छत्तीसगढ़ में बने कई केंद्र
पंत ने लगातार दूसरे सीजन बल्ले से किया निराश
बल्लेबाजी में भी ऋषभ पंत का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। दिल्ली कैपिटल्स के लिए 2018 और 2019 में विस्फोटक बल्लेबाजी करने वाले पंत LSG के लिए पिछले दो सीजन में सिर्फ 581 रन ही बना सके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट और औसत दोनों उनके करियर रिकॉर्ड से कम रहे।
सीजन के दौरान खुद पंत ने भी इशारों में कहा था कि टीम के लीडरशिप ग्रुप में बहुत ज्यादा लोगों का हस्तक्षेप हैं, जिससे फैसले लेने में परेशानी हो रही है। वहीं हेड कोच जस्टिन लैंगर भी आखिरी मैच के बाद पंत के प्रदर्शन पर निराशा जता चुके हैं। अगर ऋषभ पंत से कप्तानी छीनी जाती है, तो यह LSG में किसी कप्तान का पहला विवादित अंत नहीं होगा। इससे पहले केएल राहुल ने भी टीम छोड़ने के बाद फ्रेंचाइजी के माहौल को लेकर अप्रत्यक्ष नाराजगी जाहिर की थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि IPL 2027 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स किस दिशा में आगे बढ़ती है।