Durg Fire: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पराली जलाने की लापरवाही ने पूरे इलाके में दहशत मचा दी है. दुर्ग के धमधा ब्लॉक के खिलोरा खुर्द गांव में शुक्रवार को लगी भयंकर आग ने सैकड़ों एकड़ खेतों को अपनी चपेट में ले लिया. इतना ही नहीं इस आग के चपेट में किसान के खलिहान में बंधे कई पशु आ गए और ये बुरी तरह झुलस गए. इस आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. वहीं ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल बन हुआ है.
बताया जा रहा है कि खिलोरा खुर्द गांव के पास स्थित सुकरी गांव में एक अज्ञात किसान ने फसल कटाई के बाद अपने खेत में पराली जला दी. हवा के तेज झोंकों के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते-ही-देखते दो गांवों के करीब 150 से 200 एकड़ क्षेत्र को अपनी आगोश में ले लिया. आग की चपेट में आकर खिलोरा खुर्द गांव में लगभग 8 से 10 एकड़ की खड़ी फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई. गांव के पास रखे गए कई एकड़ पैरावट (पशुओं के चारा) भी आग की भेंट चढ़ गए. इसके अलावा किसानों के खेत और खलिहान में रखे सैकड़ों स्प्रिंकलर पाइप और केबल्स भी जलकर खाक हो गए.
कई जानवर बुरी तरह झुलसे
इस आग में सबसे दिल दहला देने वाली बात यह है कि आग गांव के करीब पहुंचने पर किसान के खलिहान में बंधे कई पशु आग की चपेट में आ गए. कई पशु बुरी तरह झुलस गए, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. गनीमत रही कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और तत्काल आग पर काबू पा लिया गया. अगर फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंचती तो यह आग और भयावह रूप ले सकती थी और बड़े पैमाने पर जान-माल की हानि हो सकती थी.
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों से लगातार इसी तरह की लापरवाही से आग लगने की घटनाएं हो रही हैं. हर साल पराली जलाने के कारण लाखों रुपये का जान-माल का नुकसान हो रहा है, लेकिन फिर भी कुछ किसान अपनी आदत नहीं छोड़ रहे हैं. प्रशासन से ग्रामीणों ने मांग कि है पराली जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हो सकें.
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।