Pink Smart Card: दिल्ली में महिलाओं को मुफ्त बस सफर के लिए अब ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवाना होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने इसकी शुरुआत कर दी है। पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए दिल्ली में 50 सेंटर बनाए हैं, जहां जाकर महिलाएं इसे हासिल कर सकती हैं। हालांकि, सरकार ने कार्ड बनवाने के लिए पार्यप्त समय दिया है। दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) के एक वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पिंक टिकट लेकर भी महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। इसे तुरंत बंद नहीं किया जा रहा है। लेकिन कुछ समय बाद पिंक टिकट को बंद कर दिया जाएगा और तब महिलाएं सिर्फ पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए ही मुफ्त सफर कर पाएंगी। जिन महिलाओं के पास यह कार्ड नहीं होगा उन्हें टिकट के पैसे देने होंगे।
अधिकारी ने बताया कि फिलहाल सरकार ने महिलाओं को 31 मई 2026 तक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने का मौका दिया है। यदि समय सीमा में इजाफा नहीं किया गया तो संभव है कि जून की शुरुआत से पिंक टिकट को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। पिंक टिकट योजना के बंद होने के बाद पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए ही मुफ्त यात्रा संभव होगी।
कार्ड बनवाने के लिए क्या दस्तावेज चाहिए?
जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बनाए गए 50 सेंटर्स पर महिलाओं को बस अपना आधार कार्ड लेकर जाना है। इसके लिए किसी तरह के फॉर्म भरने या पहले से रजिस्ट्रेशन, अपॉइंटमेंट आदि की आवश्यकता नहीं है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर इन सेंटर से कार्ड बनवाया जा सकता है।
इन दो बातों का ध्यान रखना है-
नियम के मुताबिक, पिंक सहेली कार्ड केवल उन महिलाओं को मिलेगा जिनके आधार पर दिल्ली का पता दर्ज है। इसके अलावा आधार के साथ एक ऐक्टिव मोबाइल नंबर भी लिंक हो। आधार के साथ यह मोबाइल नंबर भी बताना होगा। कार्ड मौके पर ही जारी कर दिया जाएगा।
बस के साथ मेट्रो और नमो भारत में भी सफर
बस में सफर के लिए इसमें किसी तरह के रिचार्ज की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, इस कार्ड के जरिए मेट्रो और नमो भारत में भी सफर की सुविधा होगी, जिसके लिए पहले की तरह टिकट मूल्य चुकाना होगा। हां, सुविधा यह होगी कि बस, मेट्रो और नमो भारत के लिए महिलाओं को अलग-अलग कार्ड संभाले की जरूरत नहीं होगी।
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।