Weather update: दिल्ली एनसीआर समेत देश के अधिकतर हिस्सों से ठंड गायब सी हो गई है। दोपहर में गर्मी का एहसास हो रहा है। रात के समय भी पारा ज्यादा नहीं गिर रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले पांच दिनों में पूरे उत्तर भारत में धीरे-धीरे करके 2-3 डिग्री तक तापमान और बढ़ सकता है। इससे साफ है कि इस सप्ताह ठंड का असर न के बराबर देखने को मिलेगा।
हालांकि, 16-17 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश हो सकती है। इसके असर से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों में बर्फबारी जारी है, लेकिन इसका असर खत्म होने के बाद बर्फ पिघलेगी। इस दौरान ठंडी हवाएं चल सकती हैं और उत्तर-मध्य भारत में तापमान में गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के अहम अपडेट
एक के बाद एक दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से, 13 और 16-17 फरवरी 2026 को वेस्टर्न हिमालयी इलाके में कहीं-कहीं बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है।
हिमाचल और मेघालय में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। हिमाचल प्रदेश में 13 फरवरी की सुबह भी घना कोहरा रह सकता है। दोनों जगहों पर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। वहीं, उत्तराखंड में जमीनी पाला देखने को मिल रहा है।
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और अगले 5 दिनों तक तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।
16 और 17 तारीख को पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में ठंड की वापसी हो सकती है।
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। इसी के साथ, दिन के दौरान धुंध छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। विभिन्न मौसम केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक, पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक यानी 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में यह 13.4 डिग्री, रिज में 13.6 डिग्री और आयानगर में 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।