नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिला है। दिल्ली-NCR में फिलहाल आसमान साफ रहने और अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना कम रहने का अनुमान है। हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में 30 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच बारिश की गतिविधियां कम रहने का अनुमान है।
पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान आ सकता है। पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और सिक्किम में भी गरज-चमक, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। बिहार में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच बारिश और तूफानी गतिविधियों की संभावना जताई गई है।
चारधाम यात्रा पर मौसम का असर
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, मंडी और चंबा में बारिश का अलर्ट है।
उत्तराखंड के देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल में भी बारिश की संभावना है। खराब मौसम के चलते केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत चारधाम यात्रा प्रभावित हुई है।
दिल्ली में बारिश के आसार कम
दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना कम है। सितंबर के दौरान दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है। मंगलवार को दिल्ली का AQI 102 रहा, जिसे 2021 के बाद इस महीने का कम स्तर बताया गया है।
विशेषज्ञों के मुताबिक दिल्ली की हवा की गुणवत्ता पर केवल बारिश का ही असर नहीं पड़ता। हवा की गति और दिशा, वायुमंडलीय परिस्थितियां तथा दिल्ली-NCR में मौसम में होने वाले बदलाव भी प्रदूषण के स्तर को प्रभावित करते हैं।
पूर्वोत्तर राज्यों में 4 अक्टूबर तक बारिश
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम में बारिश का दौर 4 अक्टूबर तक जारी रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 29-30 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद भी पूर्वोत्तर राज्यों में पोस्ट-मॉनसून गतिविधियों के कारण बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र-गुजरात में भी बारिश का दौर
महाराष्ट्र और गोवा के कोंकण क्षेत्र में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। महाराष्ट्र में आंधी-तूफान के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मराठवाड़ा में 30 सितंबर को बारिश होने की संभावना है।
गुजरात में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बारिश का दौर रह सकता है। सौराष्ट्र और कच्छ में भी बारिश के आसार हैं।
इसके अलावा आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 4 अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। केरल और तेलंगाना में 2-3 अक्टूबर के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है।



