Rajasthan Recruitment Exam: राजस्थान में अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों का असर भर्ती परीक्षाओं के कार्यक्रम पर भी पड़ा है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने CET समेत 5 प्रमुख भर्ती परीक्षाओं की तारीखों में संशोधन किया है। बोर्ड ने सोमवार को नया परीक्षा कैलेंडर जारी किया। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब ये परीक्षाएं नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने अभ्यर्थियों से संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी जारी रखने की अपील की है।
दिल्ली में 1 नवंबर से दूसरे शहरों की पुरानी गाड़ियों पर रोक, जानें लागू होंगे कौन-कौन से नए नियम
CET सीनियर सेकेंडरी और ग्रेजुएट की नई तारीख
संशोधित कैलेंडर के अनुसार CET सीनियर सेकेंडरी स्तर-2026 की परीक्षा अब 1 और 3 दिसंबर 2026 को होगी। दोनों तारीखों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
वहीं CET स्नातक स्तर-2026 की परीक्षा 16, 17 और 18 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है। 16 और 17 जनवरी को दो पालियों में परीक्षा होगी, जबकि 18 जनवरी को केवल सुबह की पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
टीचिंग एसोसिएट परीक्षा 17 नवंबर से
टीचिंग एसोसिएट (RajCES) संविदा आधारित सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन अब 17 नवंबर से 21 दिसंबर 2026 के बीच किया जाएगा। इस परीक्षा में 32 विषय शामिल हैं।
17 नवंबर तथा 14, 17, 18 और 21 दिसंबर को परीक्षा एक पाली में होगी। वहीं 7, 9, 10, 11, 15 और 16 दिसंबर को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
बोर्ड के अनुसार टीचिंग एसोसिएट परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT), टैबलेट बेस्ड टेस्ट विद ओएमआर शीट या पेपर-पेन ओएमआर पैटर्न पर आयोजित की जा सकती है। इस भर्ती के तहत 3540 पद भरे जाने हैं।
Lab Attendant और JE परीक्षा की तारीख भी बदली
प्रयोगशाला परिचायक (Lab Attendant) सीधी भर्ती परीक्षा-2025 अब 25 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। परीक्षा एक पाली में होगी। इस भर्ती में कुल 54 पद हैं।
वहीं कनिष्ठ अभियंता (JE) संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन 3 से 5 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। परीक्षा प्रतिदिन एक पाली में होगी। JE भर्ती के तहत कुल 874 पद हैं।
इन 5 भर्ती परीक्षाओं का बदला कार्यक्रम
- टीचिंग एसोसिएट (RajCES) सीधी भर्ती परीक्षा-2026: 17 नवंबर से 21 दिसंबर 2026
- CET सीनियर सेकेंडरी स्तर-2026: 1 और 3 दिसंबर 2026
- CET स्नातक स्तर-2026: 16, 17 और 18 जनवरी 2027
- Lab Attendant (PHED) सीधी भर्ती परीक्षा-2025: 25 जनवरी 2027
- JE संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026: 3 से 5 फरवरी 2027
पंचायत चुनाव के चलते संशोधित हुआ कैलेंडर
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने इससे पहले CET सीनियर सेकेंडरी स्तर-2026 और CET स्नातक स्तर-2026 का कार्यक्रम जून और जुलाई 2026 में जारी किया था। इसके अलावा बोर्ड की ओर से 17 जून को भी परीक्षा कार्यक्रम से संबंधित प्रेस नोट जारी किया गया था।
अब राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अक्टूबर 2026 में नगर निकाय और पंचायतीराज चुनाव प्रस्तावित किए गए हैं। चुनावी प्रक्रिया के कारण परीक्षा आयोजन प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए बोर्ड ने परीक्षाओं की तारीखों में संशोधन किया है।
बोर्ड ने संबंधित विभागों से भी कहा है कि वे संशोधित परीक्षा तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यक्रम निर्धारित करें, ताकि भर्ती परीक्षाओं की तारीखों में किसी तरह का टकराव न हो।



