दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि H1N1 और डेंगू को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। इसमें एनडीएमसी, नगर निगम और कैंटोनमेंट क्षेत्रों के अधिकारियों को भी शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में स्थिति नियंत्रण में है। अस्पतालों में पर्याप्त बेड, डॉक्टर और दवाइयां उपलब्ध हैं। मंत्री के मुताबिक करीब 3,000 मरीज H1N1 के दोनों वैरिएंट से प्रभावित होकर अस्पताल पहुंचे हैं और अधिकांश मरीज इलाज के बाद ठीक होकर घर लौट रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली में H1N1 के 2,308 मामले, जबकि दूसरे फ्लू वैरिएंट के करीब 600 से 650 मामले सामने आए हैं। वहीं, डेंगू के करीब 2,200 मामले दर्ज किए गए हैं। फिलहाल किसी मरीज की मौत की सूचना नहीं है और न ही कोई मरीज ICU या वेंटिलेटर पर है।
दिल्ली के अस्पतालों में H1N1 मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड भी तैयार किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि यदि किसी मरीज को अस्पताल में बेड देने से इनकार किया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।