मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार को कमजोर रहा। इसके चलते बीकानेर, जोधपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे। बादलों की मौजूदगी के कारण कई शहरों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि उत्तरी हवाएं कमजोर पड़ने से रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई।
पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, सीकर, दौसा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, नागौर, अलवर, अजमेर और बाड़मेर के इलाकों में हल्के बादल छाए रहे। इसके चलते रविवार को इन शहरों में धूप अपेक्षाकृत कमजोर रही। वहीं श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में सुबह 10 से 11 बजे तक कोहरे का असर बना रहा।
तापमान की बात करें तो जैसलमेर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री कम रहा। बाड़मेर में 29.4, जोधपुर में 30.5, बीकानेर में 29, चूरू में 28.3, श्रीगंगानगर में 24.5, उदयपुर में 28 और चित्तौड़गढ़ में 28.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं कोटा में अधिकतम तापमान 26.7, सीकर में 27, पिलानी में 27.6, जयपुर और अजमेर में 26.8 तथा अलवर में 25 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अलावा करौली में न्यूनतम तापमान 7.2, दौसा में 7.8, लूणकरणसर में 6.9, पाली में 9.9, बारां में 8.6, नागौर में 7, जालोर में 8.7, उदयपुर में 9.6, चित्तौड़गढ़ में 9.3, अलवर में 7.5 तथा वनस्थली (टोंक) और भीलवाड़ा में 9-9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। हालांकि सुबह और रात के समय कोहरे और हल्की ठंड का असर बने रहने की संभावना है।