Weather Update: अक्टूबर की शुरुआत देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग मौसम के साथ होने वाली है। कई क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि कुछ राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा। पहाड़ी इलाकों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों से अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून की वापसी हो सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में फिलहाल मॉनसून की वापसी के संकेत नहीं हैं।
Shahid Kapoor की EX और पत्नी आईं आमने-सामने, Mira Rajput संग करीना कपूर की Photos वायरल
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार
1 अक्टूबर को उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों, खासकर चमोली और हेमकुंड साहिब के आसपास हल्की बर्फबारी की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है।
छत्तीसगढ़ में 2 से 6 अक्टूबर तक बारिश
पूर्वी मध्य प्रदेश में 1 से 3 अक्टूबर और विदर्भ में 5 से 6 अक्टूबर के दौरान बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 2 से 6 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
पूर्वी भारत की बात करें तो पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 1 से 6 अक्टूबर तक बारिश के आसार हैं। झारखंड में 1 और 2 अक्टूबर, जबकि बिहार में 3 से 6 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में भी बारिश का अनुमान
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के साथ पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 1 से 6 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इस दौरान बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
अरुणाचल प्रदेश में 3 और 4 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र से दक्षिण भारत तक बारिश
कोंकण और गोवा तथा मध्य महाराष्ट्र में 1 से 6 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ में 1 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, लक्षद्वीप, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु-पुडुचेरी-कराईकल में 1 से 6 अक्टूबर तक बारिश के आसार हैं। तेलंगाना में 2 और 3 अक्टूबर, जबकि केरल और तटीय कर्नाटक में 3 से 6 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है।
केरल और माहे में 1 से 6 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। वहीं तटीय कर्नाटक में 1 और 2 अक्टूबर तथा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 1 अक्टूबर को व्यापक बारिश हो सकती है।
कई जगह आंधी-बिजली का अलर्ट
ओडिशा में 1 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु-पुडुचेरी-कराईकल में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।



