Good Wife Syndrome : अदिति सुबह 5 बजे उठकर सबके लिए नाश्ता बनाती है, ऑफिस के हर काम को फटाफट निपटाती है और थके होने के बावजूद रात को घर के हर छोटे-बड़े काम को ‘परफेक्ट’ तरीके से पूरा करती है. बीमार होने पर भी वह आराम नहीं करती, क्योंकि उसे लगता है कि अगर उसने ऐसा किया, तो वह एक ‘अच्छी पत्नी’ या ‘अच्छी बहू’ नहीं कहलाएगी. इसी दबाव को मनोवैज्ञानिक ‘गुड वाइफ सिंड्रोम’ (Good Wife Syndrome) कहते हैं.
यह सिंड्रोम एक ऐसी मानसिक स्थिति है जहाँ महिला अपनी खुशियों, आराम और जरूरतों को परिवार की अपेक्षाओं के नीचे दबा देती है. लेकिन आज की आधुनिक महिलाएं इस ‘परफेक्ट होने के जाल’ को पहचान रही हैं. वे समझ रही हैं कि घर संभालना जिम्मेदारी है, पर खुद को खो देना समझदारी नहीं. अब समय आ गया है कि हम ‘सबको खुश रखने’ की अपनी इस आदत को बदलें और अपनी सेल्फ-वैल्यू (Self-value) को पहचानें. आइए जानते हैं वे 5 तरीके, जिनसे आप इस सिंड्रोम से आजाद होकर अपनी पहचान वापस पा सकती है.
1. ‘ना’ कहना सीखें (The Power of ‘No’)
अक्सर आप अपराधबोध (Guilt) के कारण हर काम के लिए ‘हां’ कह देती हैं तो याद रखिए, आपकी यह आदत आपकों मानसिक रूप से थका सकती है. अगर आप थकी हुई हैं और आराम करना चाहती हैं, तो घर के किसी काम या बाहर की किसी डिमांड को मना करना आपको ‘बुरी पत्नी’ नहीं बनाता. अपनी सीमाओं (Boundaries) को तय करना ही मानसिक शांति का पहला कदम है.
2. अपनी जरूरतों को प्राथमिकता दें (Self-Care is not Selfish)
जैसे एक खाली घड़े से किसी की प्यास नहीं बुझ सकती, वैसे ही एक थकी और दुखी महिला एक खुशहाल घर नहीं चला सकती. अपनी हॉबी के लिए वक्त निकालें, अपनी सेहत का ध्यान रखें और यह समझना शुरू करें कि आपकी जरूरतें भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं जितनी कि परिवार के अन्य सदस्यों की.
3. जिम्मेदारी बांटना शुरू करें (Delegate Tasks)
घर के सारे काम अकेले निपटाना कोई ‘सुपरवुमन’ होने का मेडल नहीं है. अपने पति और बच्चों को भी छोटे-छोटे कामों में शामिल करें. जब आप जिम्मेदारी बांटती हैं, तो न केवल आपका बोझ कम होता है, बल्कि परिवार के अन्य सदस्य भी आत्मनिर्भर बनते हैं.
4. खुद की तुलना बंद करें (Stop the Comparison)
सोशल मीडिया के दौर में हम अक्सर दूसरी महिलाओं की ‘परफेक्ट’ दिखने वाली लाइफ से अपनी तुलना करने लगते हैं. याद रखिए, हर किसी का संघर्ष अलग है. अपनी छोटी-छोटी उपलब्धियों का जश्न मनाएं और खुद को ‘परफेक्ट’ होने के बजाय ‘खुश’ होने की अनुमति दें.
Kidney Disease Warning: शरीर में दिख रहे ये संकेत? समय रहते नहीं संभले तो किडनी हो सकती है डैमेज
5. अपनी पहचान को जिंदा रखें
आप किसी की पत्नी, माँ या बहू होने से पहले एक व्यक्ति हैं. अपनी पढ़ाई, करियर या उन सपनों को मत छोड़िए जो आपको खुशी देते हैं. जब आप अपनी पहचान का सम्मान करती हैं, तो समाज और परिवार भी आपकी कद्र करना शुरू कर देता है.
याद रखें, ‘गुड वाइफ सिंड्रोम’ से आजादी का मतलब परिवार को छोड़ना या जिम्मेदारियों से भागना नहीं, बल्कि खुद को उस रिश्ते में बराबरी का स्थान देना है. जब आप खुद से प्यार करना और खुद का सम्मान करना सीखती हैं, तभी आप दूसरों को भी सही मायने में खुश रख पाती हैं.


