Road Safety Committee: राजधानी जयपुर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर एवं समिति अध्यक्ष संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन, ब्लैक स्पॉट्स सुधार, मानसून पूर्व तैयारियों तथा ट्रैफिक नियमों की प्रभावी पालना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि सड़क सुरक्षा से संबंधित सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन एवं रोड सेफ्टी प्रोटोकॉल की प्रभावी पालना सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभागीय समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसका गंभीरता से क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम एवं दुर्घटनारहित बनाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
बैठक में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए चयनित 15 स्थानों की सर्वे रिपोर्ट की समीक्षा की गई। इसके साथ ही यादगार से सीतापुरा तक आदर्श मार्ग विकसित करने के लिए जेडीए, पुलिस और नगर निगम द्वारा की जा रही कार्यवाही पर भी चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि इस मार्ग को आधुनिक, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाए ताकि लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
बैठक के दौरान ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। जयपुर शहर में “फ्री लेफ्ट” व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही फूड वैन एवं अन्य मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ की गई कार्रवाई तथा सड़क दुर्घटनाओं की जांच समिति द्वारा दिए गए सुझावों पर विभागवार कार्यवाही की जानकारी ली गई।
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।