कोरबा : जिले के कुसमुंडा स्थित KAMKA (कुसमुंडा सायलो) साइडिंग में मंगलवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोयला लोडिंग के दौरान एक मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया। घटना में इंजन के छह पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए, जिससे कुछ समय के लिए कोयला लोडिंग और परिवहन प्रभावित रहा।
बताया जा रहा है कि मालगाड़ी में कोयला लोड किया जा रहा था। इसी दौरान इंजन के पहिए अचानक पटरी से उतर गए। गनीमत रही कि समय रहते चालक और वहां मौजूद कर्मचारियों की नजर घटना पर पड़ गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे और SECL के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।
घटना के बाद रेलवे की ATR टीम मौके पर पहुंची और पटरी से उतरे इंजन को वापस ट्रैक पर लाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे में इंजन के पहियों को दोबारा पटरी पर चढ़ाया जा सका। इस दौरान कुसमुंडा साइडिंग में कोयला लोडिंग का काम प्रभावित रहा। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मुख्य रेलवे परिवहन व्यवस्था पर इसका कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।
कोरबा रेलवे के एआरएम उत्कर्ष गौरव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की ATR टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम ने तत्काल काम शुरू किया और कुछ ही समय में इंजन को वापस पटरी पर ला दिया गया। उन्होंने कहा कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और रेलवे परिवहन भी प्रभावित नहीं हुआ। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।