Heatwave In India: उत्तर भारत समेत कई राज्य इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार (21 मई) को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम बदला हुआ नजर आएगा. पश्चिमी और मध्य भारत में जहां गर्मी और सताएगी तो वहीं दूसरी ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश अपना असर दिखाएगी.
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर से लेकर मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज भी हीट वेव और भीषण गर्मी का कहर देखने को मिलेगा. मध्य प्रदेश के उत्तरी जिलों में भीषण लू चलने की आशंका है. राजस्थान के रेगिस्तान से आने वाली हवाएं अब दिल्ली और मध्य प्रदेश के इलाकों को और भी गर्म करने लगी हैं. दिन के समय दिल्ली समेत आस पास के राज्यों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा रह सकता है.
हेल्थकेयर ब्रांड पर बिना अनुमति आर माधवन का वीडियो इस्तेमाल करने का आरोप, एक्टर ने भेजा लीगल नोटिस
आज कहां-कहां होगी बारिश
उत्तर-पश्चिम राज्य जहां एक तरफ गर्मी से तप रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों में इस वक्त ठंड मौसम है. IMD की रिपोर्ट के मुताबिक हिमाचल प्रदेश , जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में आज गुरुवार को हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर जैसे राज्यों में पिछले काफी वक्त से लगातार बारिश हो रही है. गुरुवार को भी इन राज्यों में बारिश की संभावना है.
बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड का हाल
उत्तर भारत की गर्मी और पूर्वोत्तर भारत की बारिश के बीच बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे राज्यों में उमस लोगों को परेशान करेगी. हालांकि, उत्तरी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के पर्वतीय इलाकों में पिछले कुछ दिनों की तरह ही बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण से मानसूनी हवाओं में तेजी बनी हुई है.
केरल कब पहुंचेगा मानसून
दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में गुरुवार को बारिश की संभावना है. तमिलनाडु और कर्नाटक में बादल छाए रहने की संभावना है. हालांकि इसकी वजह से उमस भी बढ़ेगी. मानसून को लेकर मौसम विभाग ने बताया कि मानसून तेजी बनाए हुए है और 26 मई को इसके केरल के तट पर आने की उम्मीद है.
सबसे गर्म शहर
यूपी के बांदा में बीते रोज 48.20 डिग्री सेल्सियस तापमान देखने को मिला, जो सबसे अधिक था. इसके बाद दूसरे नबंर पर मध्य प्रदेश का नौगांव रहा, जहां का तापमान 47 डिग्री था. हरियाणा के रोहतक में तापमान 46.90 डिग्री सेल्सियस देखने को मिला. वहीं महाराष्ट्र के अमरावती में भी पारा 46.80 डिग्री रहा. जबकि दिल्ली रिज में पारा 46.50 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा प्रयागराज में 45.8 डिग्री तापमान देखने को मिला.
हीटवेव – मौसम का पूर्वानुमान (21 मई)
दिल्ली – 46 डिग्री अधिकतम
पटना – 37 डिग्री अधिकतम
लखनऊ – 43 डिग्री अधिकतम
जयपुर – 44 डिग्री अधिकतम
भोपाल – 43 डिग्री अधिकतम
गया – 40 डिग्री अधिकतम
कानपुर – 47 डिग्री अधिकतम
वाराणसी – 47 डिग्री अधिकतम
जोधपुर – 42 डिग्री अधिकतम
उज्जैन – 42 डिग्री अधिकतम
इंदौर – 42 डिग्री अधिकतम
देहरादून – 40 डिग्री अधिकतम
चंडीगढ़ – मोहाली – 44 डिग्री अधिकतम


