Milk Payments Via ATM: बाड़मेर जिले के प्राथमिक दुग्ध उत्पादन सहकार समितियों से जुड़े पशुपालकों को रुपए के भुगतान संबंधी परेशानियों से अब छुटकारा मिलेगा। उन्हें रुपए की निकासी के लिए बैंकों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। केंद्र सरकार के सहकार मंत्रालय की योजना के तहत दी बाड़मेर सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक इन समितियों को माइक्रो एटीएम उपलब्ध करवाएगी। इससे समिति सचिव पशुपालकों की आवश्यकता पर उन्हें तुरंत पैसे निकालकर भुगतान कर सकेंगे। बाड़मेर जैसे रेतीले जिले में खेती और पशुपालन आजीविका का मुख्य साधन है। दुग्ध की बढ़ती मांग के कारण बड़ी संख्या में लोग पशुपालन से जुड़े हैं।
107 सहकार समितियों में मिलेगी सुविधा
बाड़मेर में कुल 254 प्राथमिक दुग्ध उत्पादन सहकार समितियां हैं, जिनमें से 107 क्रियाशील हैं। बैंक इन क्रियाशील समितियों को माइक्रो एटीएम उपलब्ध करवाएगा। इसे लेकर बीते दिनों समितियों के व्यवस्थापकों, सचिवों को प्रशिक्षण दिया गया है। आने वाले कुछ दिनों में समितियों को एटीएम उपलब्ध करवाए जाएंगे। महंगे पशुपालक पर पैसों की जरूरत रहती है। ऐसे में गांव में बैंक नहीं होने और रुपए की निकासी के लिए अन्य कस्बे जाने पर बड़ी परेशानी होती है। केंद्र सहकार मंत्रालय की इस योजना से लाखों पशुपालकों को अच्छी सुविधा मिलेगी।


