दुनिया में एक ऐसी AI कंपनी सामने आई है जहां काम करने वाले इंसानों की संख्या से ज्यादा वहां मौजूद रोबोट्स की तादाद हो गई है. इस कंपनी का नाम है फिगर एआई (Figure AI). कंपनी के सीईओ ब्रेट एडकॉक ने सोशल मीडिया पर एक ग्राफ शेयर करते हुए यह जानकारी दी. इस खबर ने पूरी दुनिया के नौकरीपेशा लोगों के बीच एक नई बहस छेड़ दी है कि क्या वाकई भविष्य में इंसानों के लिए काम नहीं बचेगा.
फिगर AI के CEO ब्रेट एडकॉक ने एक्स पर “हेडकाउंट वर्सेस रोबोट्स” नाम का एक ग्राफ शेयर किया है. इस ग्राफ में दिखाया गया कि साल 2022 से लेकर 2024 तक कंपनी में रोबोट्स की संख्या लगभग शून्य थी.
लेकिन साल 2025 में जैसे ही कंपनी ने रोबोट्स का प्रोडक्शन तेजी से शुरू किया, इनकी संख्या आसमान छूने लगी. आज की तारीख में कंपनी में करीब 650 से 660 इंसान काम कर रहे हैं, जबकि वहां रोबोट्स की संख्या बढ़कर लगभग 740 तक पहुंच चुकी है. यानी अब इंसानों के मुकाबले रोबोट्स की तादाद काफी ज्यादा है. कंपनी का डेटा यह साफ दिखाता है कि जहां इंसानों की भर्ती बहुत धीरे-धीरे की जा रही है, वहीं रोबोट्स को बहुत तेजी से काम पर लगाया जा रहा है.
यह खबर ऐसे समय में आई है जब दुनिया भर की बड़ी टेक कंपनियां जैसे Amazon और Meta अपने हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही हैं. ये कंपनियां अब इंसानों की जगह AI और ऑटोमेशन पर अपना पूरा ध्यान लगा रही हैं. आंकड़ों के मुताबिक इस साल अब तक दुनिया भर की टेक कंपनियों में लगभग 1,19,462 से ज्यादा लोग अपनी नौकरियां गंवा चुके हैं. वहीं, दूसरी तरफ एलन मस्क जैसे अरबपतियों का मानना है कि ह्यूमनॉइड रोबोट्स के आने से दुनिया में सुख-सुविधाओं की कोई कमी नहीं रहेगी.
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।