Rajasthan New Rail Track: राजस्थान में रेल नेटवर्क विस्तार को लेकर केंद्र सरकार लगातार प्रयासरत है। खाटूश्यामजी रेल लाइन के अलावा प्रदेश के पांच अहम रेल प्रोजेक्ट भी जल्द ही रफ्तार पकड़ने वाले हैं। इन रेल परियोजनाओं के पूरा होने से कई जिलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। रेल नेटवर्क विस्तार से विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सीकर जिले को रेलवे विकास की दिशा में बड़ी सौगात दी। रेल मंत्री ने सुंदरपुरा में खाटूश्यामजी रेलवे स्टेशन बनाने की घोषणा की है। प्रस्तावित खाटूश्यामजी स्टेशन से लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम होगी। रेल मंत्री ने पलसाना के निकट सुंदरपुरा में प्रस्तावित खाटूश्यामजी रेलवे स्टेशन की साइट का निरीक्षण कर नक्शा भी सार्वजनिक किया। उन्होंने बताया कि अगले आठ से दस महीनों में निर्माण कार्य शुरू हो की उम्मीद है। स्टेशन बनने के बाद देश के विभिन्न हिस्सों से खाटूश्यामजी के लिए रेल संपर्क मजबूत होगा और ट्रेनों की संख्या भी बढ़ेगी।
ट्रंप की ईरान को नई चेतावनी: ‘हमला फिर करेंगे’, तेहरान से तुरंत यह काम रोकने को कहा
खाटूश्यामजी के अलावा राजस्थान में यहां भी बिछेगी नई रेल लाइन
1. Marwar Bagra (Jalore)-Sirohi-Swarupganj Rail Project: जालोर के मारवाड़ बागरा से सिरोही होते हुए स्वरूपगंज तक 96 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है। सिरोही जिला मुख्यालय के पहली बार रेलवे नेटवर्क से जुड़ने से 10 लाख को सीधा फायदा होगा। जिलेवासियों का जयपुर, दिल्ली अहमदाबाद और मुंबई का सफर आसान होगा।
2. Balotra-Pachpadra Rail Project: बालोतरा से पचपदरा तक 11 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछेगी। इसके लिए सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को अब मंजूरी के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा, जिसके आधार पर आगामी कार्यवाही और निर्माण प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। नए रेल प्रोजेक्ट के लिए 33 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। बालोतरा-पचपदरा रेल लाइन क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। साथ ही पचपदरा स्थित रिफाइनरी तक रेल संपर्क और अधिक सुगम होगा, जिससे परिवहन व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा।
3. Bilara-Ras Rail Project: जोधपुर जिले के बिलाड़ा से पाली जिले के जैतारण होते रास तक 58 किमी लंबी रेल लाइन बिछाई जाएगी। करीब 850 करोड़ रुपए की लागत वाली इस रेल परियोजना के लिए सर्वे के बाद तैयार डीपीआर रेल मंत्रालय को भेज दी गई है। नया रेल रूट तैयार होने के बाद ब्यावर से जोधपुर की दूरी 191 किलोमीटर से घटकर 133 किलोमीटर रह जाएगी। जिससे यात्रियों को बड़ा फायदा होगा।
4. Dholpur-Gangapur City via Karauli Rail Project: धौलपुर-गंगापुरसिटी वाया करौली रूट पर 145 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाई जाएगी। 16 वर्ष पहले स्वीकृत धौलपुर-गंगापुरसिटी वाया करौली रेल परियोजना हाल ही में विशेष रेल परियोजना घोषित किया गया है। इस रेल प्रोजेक्ट का काम दो चरणों में पूरा होगा। पहले चरण में धौलपुर से सरमथुरा तक करीब 69 किलोमीटर रूट पर आमान परिवर्तन किया जा रहा है, जिसका काम अगले साल तक पूरा होने की संभावना है। वहीं, दूसरे चरण में सरमथुरा से करौली होते हुए गंगापुरसिटी तक रेल लाइन का विस्तार किया जाना है।
5.Jaisalmer-Barmer-Bhildi And Khajuwala-Jaisalmer Rail Project: राजस्थान में भारत-पाक बॉर्डर से सटे जिलों में रेलवे नेटवर्क मजबूत करने के लिए नई रेल लाइनों का प्रोजेक्ट भी रफ्तार पकड़ रहा है। नए रेल प्रोजेक्ट के तहत सीमावर्ती जिले बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर को नई रेल कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा। खाजूवाला से जैसलमेर तक 260 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। वहीं, भीलड़ी से जैसलमेर तक बाड़मेर होते हुए 380 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाने की तैयारी है। इसके लिए फाइनल लोकेशन सर्वे चल रहा है, जिसके जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है।


