Indian Railway News: उत्तर छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से अंबिकापुर से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली 22407/22408 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस की आवृत्ति बढ़ाने की मांग की जा रही थी। अब रेलवे बोर्ड ने इस मांग को स्वीकार करते हुए ट्रेन को साप्ताहिक से द्वि साप्ताहिक करने की मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश के बाद सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और आसपास के जिलों के यात्रियों में खुशी का माहौल है। रेल मंत्रालय के रेलवे बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार अब यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन के बजाय 2 दिन संचालित होगी। रेलवे बोर्ड ने संबंधित रेलवे जोनों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि नई व्यवस्था को जल्द से जल्द लागू किया जाए तथा इसकी व्यापक जानकारी यात्रियों तक पहुंचाई जाए।


