अलवर: जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां बुटोली गांव में सोमवार शाम को एक बड़ा हादसा सामने आया। जानकारी के मुताबिक पतंग लूटने के लिए दौड़ रहा एक बच्चा 400 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। बताया जा रहा है कि बच्चा 40 फीट की गहराई पर अटका हुआ था। घटना के बाद से ही बच्चे को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा था। वहीं कई घंटों की मशक्कत के बाद बच्चे को बोरवेल से बाहर निकाल लिया गया है। बोरवेल से बाहर निकालने के बाद बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक घटना अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र की है। यहां सोमवार की शाम पतंग लूटने के लिए दौड़ रहा 9 वर्षीय बालक भानु खुले बोरवेल में जा गिरा। बताया जा रहा है कि बोरवेल करीब 400 फीट गहरा था और बालक करीब 40 फीट की गहराई पर अटक गया था। जानकारी के अनुसार, भानु पतंग लूटने के लिए भाग रहा था। इसी दौरान उसका पैर खुले बोरवेल पर रखे पत्थर पर पड़ गया। पैर पड़ते ही पत्थर अपनी जगह से हट गया और बालक सीधे बोरवेल में जा गिरा।
घंटों तक चला रेस्क्यू अभियान
वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मनीषा रेशम, तहसीलदार मनीष कुमार शर्मा, डीएसपी नरेंद्र कुमार और एसएचओ राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। जिला प्रशासन की ओर से रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया गया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें बच्चे को बाहर निकालने के प्रयास में जुट गईं। बच्चे को बाहर निकालने के लिए मौके पर तीन जेसीबी मशीनों से खुदाई का काम शुरू किया गया। वहीं एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। घटना की जानकारी मिलते ही बुटोली गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
हालांकि घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के बाहर निकाले जाने के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। वहीं बाहर निकालने के बाद बच्चे को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, उसकी देखभाल की जा रही है।
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।