Veer Guardian 2026 In Jodhpur: राजस्थान के जोधपुर में भारत और जापान की वायुसेनाओं का संयुक्त हवाई अभ्यास ‘वीर गार्जियन 2026’ अंतिम चरण में पहुंच गया है। 9 सितंबर से शुरू हुआ यह 14 दिवसीय अभ्यास 22 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान दोनों देशों के लड़ाकू विमान युद्ध जैसी परिस्थितियों में विभिन्न हवाई अभियानों का अभ्यास कर रहे हैं।
अभ्यास में भारतीय वायुसेना की ओर से एलसीए तेजस, सुखोई-30 एमकेआई और राफेल जैसे अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमान शामिल हैं। वहीं, जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स (JASDF) अपने F-2A लड़ाकू विमानों के साथ इस अभ्यास में हिस्सा ले रही है। जापानी F-2A विमानों की भारत में मौजूदगी इस अभ्यास का प्रमुख आकर्षण बनी हुई है।
राजस्थान के 472 सरकारी स्कूल होंगे स्मार्ट! स्मार्ट क्लासरूम और लैब के लिए 401 करोड़ मंजूर
एयर स्ट्राइक और मिशन प्लानिंग का अभ्यास
‘वीर गार्जियन 2026’ के तहत दोनों देशों के वायु योद्धा एयर स्ट्राइक समेत अलग-अलग ऑपरेशनल मिशनों का अभ्यास कर रहे हैं। इन गतिविधियों के दौरान युद्ध जैसी परिस्थितियां तैयार कर दोनों वायुसेनाओं की परिचालन क्षमताओं और आपसी समन्वय को परखा जा रहा है।
अभ्यास के दौरान मिशन प्लानिंग कॉन्फ्रेंस, विषय विशेषज्ञों के बीच संवाद और विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर चर्चा भी हुई। इंजीनियरिंग तथा अंतरिक्ष सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी दोनों पक्षों के बीच विचार-विमर्श किया गया। इसका उद्देश्य दोनों वायुसेनाओं के बीच परिचालन तालमेल और आपसी समझ को बेहतर बनाना है।
तेजस में साथ उड़े दोनों देशों के वायुसेना प्रमुख
अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह और जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल ताकेहिरो मोरिता एयरफोर्स स्टेशन जोधपुर पहुंचे। दोनों वायुसेना प्रमुखों ने तेजस लड़ाकू विमान में एक साथ उड़ान भी भरी।
इस दौरान दोनों देशों के अधिकारियों और वायु सैनिकों के बीच पेशेवर संवाद हुआ। संयुक्त प्रशिक्षण के जरिए दोनों सेनाएं एक-दूसरे की संचालन प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली को समझने पर भी जोर दे रही हैं।
भारत में पहली बार जापानी F-2 की संयुक्त ट्रेनिंग
‘वीर गार्जियन 2026’ इस अभ्यास का दूसरा संस्करण है। इससे पहले वीर गार्जियन 23 का आयोजन 2023 में जापान में हुआ था। उस समय भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने पहली बार जापान में इस संयुक्त हवाई अभ्यास में हिस्सा लिया था।
इस बार जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के लड़ाकू विमान भारत में संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास के लिए पहुंचे हैं। जोधपुर में आयोजित यह अभ्यास दोनों देशों की वायुसेनाओं को एक-दूसरे के अनुभव, संचालन प्रक्रियाओं और युद्धक तौर-तरीकों को समझने का अवसर दे रहा है।
रक्षा सहयोग और ऑपरेशनल तालमेल पर जोर
‘वीर गार्जियन 2026’ का प्रमुख उद्देश्य भारत और जापान के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करना तथा दोनों वायुसेनाओं के बीच ऑपरेशनल तालमेल, समन्वय और आपसी समझ को बढ़ावा देना है।
अभ्यास के दौरान दोनों देशों के वायु योद्धा विभिन्न हवाई अभियानों और परिचालन गतिविधियों में हिस्सा लेकर संयुक्त परिस्थितियों में बेहतर समन्वय विकसित करने का प्रशिक्षण ले रहे हैं। 22 सितंबर तक चलने वाला यह अभ्यास दोनों वायुसेनाओं के लिए संयुक्त प्रशिक्षण और अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर है।


