CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिनों तक हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने की संभावना जताई है. इस दौरान 17 जिलों में शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है. रायपुर समेत 7 जिलों के कुछ इलाकों में तीव्र शीत लहर चलने के आसार हैं. पिछले चौबीस घंटे में अंबिकापुर के मैनपाट में बर्फ जमने जैसी स्थिति बनी रही. मैनपाट सहित सरगुजा संभाग के सभी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. वहां का न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है. माना एयरपोर्ट का पारा तो 10 डिग्री से नीचे जा चुका है और वहां रात होने के बाद चलने वाली सर्द हवा शरीर के भीतर हड्डियों तक अपना असर दिखा रही है. मौसम विज्ञान केंद्र ने शीतलहर की स्थिति बनी रहने और अगले तीन दिन रात की ठंड और तीव्र होने की संभावना जताई है. विशेषज्ञों का तर्क है कि दिसंबर के दूसरे सप्ताह से राज्य में ठंड और बढ़ सकती है, बशर्ते मौसम को कोई पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित ना करे.


