जयपुर में अगले महीने से ‘भारत टैक्सी’ सेवा शुरू होगी. सहकारिता मंत्री गौतम दक ने विभाग की अनुदान मांगों पर बहस का जवाब देते हुए घोषणा की. उन्होंने कहा कि मार्च–अप्रैल से राजधानी जयपुर में दिल्ली की तर्ज पर ‘भारत टैक्सी’ सेवा की शुरूआत की जाएगी. इस सेवा के माध्यम से ड्राइवरों को पूरा भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा. वहीं, आम नागरिकों को किफायती दरों पर यात्रा की सुविधा मिलेगी.
मंत्री ने बताया कि करीब सालभर पहले उदयपुर में ‘टॉप अप राइड’ सेवा शुरू की गई थी, जिसके तहत 350 रुपए में पर्यटकों को यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. अब इसी मॉडल को आगे बढ़ाते हुए जयपुर में ‘भारत टैक्सी’ सेवा शुरू की जाएगी.
सहकारी समिति देगी पेट्रोल पंप-गैस एजेंसी के लाइसेंस
मंत्री गौतम दक ने कहा, “केंद्र सरकार की नई पहल के तहत सहकारी समितियों को पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी के लाइसेंस प्रदान किए जाएंगे. इससे समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी. सहकारी समितियों में अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की गई है. समर्थन मूल्य खरीद में गड़बड़ी करने वाले पटवारियों को निलंबित किया गया है.”
सहकारिता मंत्री ने कहा कि विभाग में खाली पदों को जल्द भरा जाएगा, ताकि व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके. साथ ही, सहकारी समितियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आमसभा आयोजित करना अनिवार्य किया गया है. इन आम सभाओं में विधायकों को भी अपने प्रतिनिधि भेजने के निर्देश दिए गए हैं.
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।