Summer Plan: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रदेश में पेयजल प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान आमजन को पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सभी जिलों में तैयार समर कंटिन्जेंसी प्लान के अनुसार प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों और जिला कलक्टर्स से कहा कि हर गांव और कस्बे में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए नए हैंडपंप और नलकूप लगाए जाएं, वहीं पुराने हैंडपंप, नलकूप और पाइपलाइनों की समय रहते मरम्मत की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


