चंदवाजी (जयपुर) : डिजिटल इंडिया के दौर में तकनीक जहां काम आसान कर रही है, वहीं कभी-कभी ऐसी चूक भी सामने आ जाती है जो पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर देती है। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला चंदवाजी क्षेत्र में सामने आया, जहां एक कार चालक को “बिना हेलमेट” वाहन चलाने का ऑनलाइन चालान थमा दिया गया।
जुगलपुरा निवासी सूंडाराम 12 अप्रेल को अपनी कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में कहीं कोई पुलिसकर्मी नहीं, कोई रोक-टोक नहीं… लेकिन बाद में मोबाइल पर मैसेज आया—1000 रुपए का चालान, कारण: “बिना हेलमेट वाहन चलाना”! अब सवाल ये कि कार में हेलमेट कब से जरूरी हो गया?
यह चालान जुगलपुरा के पास किसी लोकेशन पर ऑनलाइन सिस्टम के जरिए जनरेट हुआ। मामला सामने आते ही क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। क्या अब कार चालकों को भी हेलमेट पहनना पड़ेगा या फिर सिस्टम आंख मूंदकर चालान काट रहा है?
पीड़ित सूंडाराम ने जब परिवहन विभाग से संपर्क किया, तो उन्हें सीधा जवाब देने के बजाय ऑनलाइन शिकायत करने की सलाह दे दी गई। यानी गलती सिस्टम की और चक्कर आम आदमी के!


