Bharat Taxi Rajasthan: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जयपुर के ओटीएस स्थित भगवत सिंह मेहता सभागार से Bharat Taxi Rajasthan सेवा का आधिकारिक शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, राजस्थान के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम दक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भारत टैक्सी को देश का सबसे बड़ा सहकारिता आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म बताया जा रहा है। इसका संचालन सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड कर रही है। यह मल्टी-स्टेट को-ऑपरेटिव सोसाइटी मॉडल पर आधारित है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को किफायती यात्रा और चालकों को बेहतर आय उपलब्ध कराना है।
Bharat Taxi Rajasthan के जरिए यात्रियों को मौजूदा निजी कैब सेवाओं की तुलना में 10 से 15 प्रतिशत तक सस्ती राइड मिलने का दावा किया गया है। उदाहरण के तौर पर 11 किलोमीटर की यात्रा पर करीब ₹25 तक की बचत हो सकती है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस प्लेटफॉर्म पर सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी। यानी पीक ऑवर या ज्यादा मांग होने पर भी किराया नहीं बढ़ेगा। एक ही मोबाइल एप के जरिए यात्री बाइक, ऑटो और टैक्सी तीनों सेवाओं की बुकिंग कर सकेंगे।
ड्राइवर नहीं, अब होंगे सारथी और सह-स्वामी
इस प्लेटफॉर्म की खासियत यह है कि यहां चालकों को केवल पार्टनर नहीं, बल्कि सारथी और सह-स्वामी का दर्जा दिया गया है। निजी कैब कंपनियों में जहां भारी कमीशन देना पड़ता है, वहीं इस मॉडल में चालकों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया है। प्लेटफॉर्म से जुड़े एक चालक के अनुसार, पिछले दो महीनों में उनकी कमाई में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और उन्हें रोजाना 10 से 12 राइड मिल रही हैं। इसके अलावा प्रत्येक चालक को ₹5 लाख का दुर्घटना बीमा भी दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक गांव में सहकारी समिति बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान का दूध उत्पादन फिलहाल 46 लाख टन है। इसे अगले वर्ष 55 लाख टन और अगले दो वर्षों में 65 लाख टन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।