Rajasthan News :बांसवाड़ा जिले में देर रात हिंसा के बाद मोटागांव में कई घरों को आग के हवाले कर दिया. पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो गुस्साई भीड़ ने पथराव किया. पूरी रात पुलिस बल हालात को काबू में करने का प्रयास करती रही. फिलहाल हालात काबू में बताए जा रहे हैं. मामला मोटागांव थाना क्षेत्र के टामटिया गांव का है, जब रविवार (26 अप्रैल) देर शाम एक युवक गोविंद पर उसके घर के पास ही 7-8 बाइक सवार बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी. हथियारबंद युवकों ने युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए. इसके बाद मृतक के परिजनों का गुस्सा फूटा.
हत्या की खबर फैलते ही गांव में तनाव फैल गया. मृतक के परिजनों सहित ग्रामीणों ने आरोपी पक्ष के घरों की तरफ कूच किया. आक्रोशित भीड़ ने कई घरों पर हमला कर आग लगा दी, जिससे कई झोंपड़ेनुमा मकान जलकर खाक हो गए. हालात उस समय और बिगड़ गए, जब मौके पर पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने पथराव कर दिया. हालांकि बाद में पुलिस ने हालात को काबू में करने का प्रयास किया और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया.
थानाधिकारी रमेशचंद्र पाटीदार के अनुसार, यह घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है. इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मुकदमे हो चुके हैं. खुद पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. पुलिस ने हत्या के आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं. आगजनी की घटना के मामले में भी जांच की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।