राजस्थान के कोटा में सबसे बड़े पब्लिक पार्क छत्र विलास में मंगलवार सुबह 6 बजे एक लेपर्ड घुस गया। यह लेपर्ड 40 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर चढ़ गया। लेपर्ड को नीचे लाने के लिए ट्रैंकुलाइज करना जरूरी था। वन विभाग की टीम ने लेपर्ड को ट्रैंकुलाइज करने के लिए 5 बार फायर किए, जिसमें से एक कामयाब हुआ। इसके बाद लेपर्ड बेहोश होकर नीचे लगाई नेट में गिर गया। डीएफओ प्रमोद धाकड़ ने बताया कि लेपर्ड का मेडिकल कराया जाएगा। उसके बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।
लेपर्ड के पेट में डार्ट लगा, कुछ देर बाद बेहोश हुआ
जानकारी के अनुसार ट्रैंकुलाइज करने की पहली चार कोशिशें पेड़ के घने होने के कारण फेल हुई थीं। पांचवीं बार निशाना क्रेन पर चढ़कर लगाया गया। इस दौरान सामने से दूरी करीब 10 फीट थी। निशाना लेपर्ड के पेट में लगा। इसके करीब 20 मिनट बाद लेपर्ड बेहोश होकर नीचे लगाए जाल पर गिरा।
डीएफओ प्रमोद धाकड़ ने बताया कि पार्क में लेपर्ड जामुन के पेड़ पर बैठा था। इस बात की संभावना है कि ये वो ही लेपर्ड है, जो कुछ दिन पहले माल रोड स्थित आर्मी एरिया और स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के पास नजर आया था। वन विभाग ने पहले पिंजरा भी लगाया था, लेकिन लेपर्ड उसमें कैद नहीं हुआ। मंगलवार को सीवी पार्क में हुए रेस्क्यू में दो डॉक्टरों के अलावा सीसीएफ, दो एसीएफ सहित 25 मेंबर्स की टीम थी। पूरा रेस्क्यू करीब साढ़े तीन घंटे चला।
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।