Bastar Fighters Recruitment: छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग के युवाओं के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए बस्तर फाइटर्स के 5,800 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। इस विशेष बल का उद्देश्य माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना तथा बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करना है। पहले चरण में 1,500 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार की योजना के अनुसार भविष्य में बस्तर में तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की संख्या चरणबद्ध तरीके से कम करते हुए सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय युवाओं से गठित बस्तर फाइटर्स को सौंपी जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं को मिलेगी प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर के समग्र विकास, युवाओं के सशक्तिकरण और माओवाद के स्थायी समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। भर्ती प्रक्रिया में बस्तर संभाग के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नक्सल विरोधी अभियानों में सहयोग करने तथा संवेदनशील ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाएंगे। यह भर्ती युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ अपने क्षेत्र के विकास और शांति स्थापना में योगदान देने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।


