CCPL Season 3: छत्तीसगढ़ के क्रिकेट खिलाडि़यों को एक्सपोजर देने के लिए आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर टी-20 लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण की शुरुआत बुधवार को होगी। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस टूर्नामेंट में उद्घाटन मैच बुधवार को मेजबान रायपुर रायनोंज और राजनांदगावं पैंथर्स के बीच रात 9 बजे से खेला जाएगा। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल छह टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा। सेमीफाइनल 12 जून और फाइनल 14 जून को होगा। यह टूर्नामेंट बीसीसीआई की अनुमति से किया जा रहा है। स्टेडियम में जाने के लिए राजधानी के कई इलाकों में निशुल्क बस सेवा की व्यवस्था की सीएससीएस की ओर से की जा रही है।


