CG CBG Policy 2026: सरकार ने राज्य में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) नीति 2026 लागू कर दी है। नई नीति के तहत गोबर, कृषि अवशेष, पराली तथा अन्य जैविक कचरे से कम्प्रेस्ड बायोगैस का उत्पादन किया जाएगा। इससे एक ओर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। दूसरी ओर, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और निवेश के नए अवसर भी सृजित होंगे। निवेशकों को नई औद्योगिक नीति के तहत छूट जारी की जाएगी। बता दें कि कैबिनेट ने सीबीजी नीति को हरी झंडी दी थी। इसके बाद इसकी नीति को जारी किया गया है। इस नीति में नगरीय निकायों की बड़ी भूमिका होगी। सरकार का लक्ष्य राज्य में बायोगैस आधारित उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। नीति के माध्यम से निवेशकों को प्रोत्साहन, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसके लिए सिंगल विंडो व्यवस्था और आवश्यक नियमों में सुधार भी किया गया है।


