CG Electricity Worker: छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच सोमवार को अनुबंध किया गया। यह अनुबंध नियमित कर्मचारियों के लिए सैलरी पैकेज के साथ उन्नत बैंकिंग सुविधाएं और ज्यादा कवरेज के लिए किया गया है। जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके कटियार और बैंक ऑफ बड़ौदा के देवाकर ने अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।
एमडी कटियार ने इस अनुबंध को कंपनी और कर्मचारी हित में बड़ा कदम बताया है। जनरेशन कंपनी के मुख्यालय हसदेव ताप विद्युत गृह, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह और अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत में कुल 2700 अधिकारी कर्मचारी कार्यरत हैं, जिन्हें इस अनुबंध से सीधा लाभ मिलेगा। जनरेशन कंपनी के महाप्रबंध वित्त नंदनी भट्टाचार्य, अतिरिक्त महाप्रबंधक वित्त सौमित्र दुबे, अतिरिक्त महाप्रबंधक वित्त एके चंद्राकर और उपमहाप्रबंधक वित्त अजय शर्मा व बैंक ऑफ बड़ौदा के पंकज उपस्थित थे।
कंपनी ने विद्युत कर्मियों के लिए बैंक से विशेष पैकेज बनाने का अनुरोध किया था, जिससे कर्मियों को एक ही बैक में किफायती और आधुनिक सुविधाएं प्राप्त हो सके। बैंक के अनुसार केंद्र सरकार के साथ अनुबंध होने के साथ-साथ राज्य के अलग अलग सरकारी विभागों में वो ऐसी सुविधाएं दे रहें हैं। जनरेशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक संदीप मोदी ने बताया कि इस अनुबंध मे 12 लाख तक का बीमा कवर है साथ ही दुर्घटना और प्लेन दुर्घटना के लिए 1 से 2 करोड़ का कवरेज है। अनुबंध के तहत कम ब्याज पर लोन सुविधा भी मिलेगी।


