रायपुर : होली पर्व के मद्देनज़र रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल में विशेष तैयारियां की गई हैं। अस्पताल प्रशासन ने त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों को देखते हुए चिकित्सा व्यवस्था को पूरी तरह सतर्क रखने का निर्णय लिया है। अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों सहित सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। होली के दिन 4 मार्च को शासकीय अवकाश रहेगा, जिसके कारण अस्पताल का बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहेगा।
हालांकि, इमरजेंसी सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे निर्बाध रूप से संचालित होंगी। आपात चिकित्सा विभाग में आने वाले मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके, इसके लिए सभी वार्डों में जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है, ताकि अस्पताल परिसर में शांति और व्यवस्था बनी रहे। यदि किसी मरीज को उच्च स्तरीय उपचार की आवश्यकता होती है तो उसे रायपुर के ही डीकेएस अस्पताल में रेफर किया जाएगा।
इसके लिए अंबेडकर अस्पताल से डीकेएस अस्पताल तक एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रखी गई है, जिससे मरीजों को त्वरित और सुरक्षित परिवहन मिल सके। अस्पताल प्रबंधन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार सावधानी और जिम्मेदारी के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की चिकित्सा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर सीधे इमरजेंसी विभाग पहुंचकर उपचार लेने की सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान भी स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और जरूरतमंदों को समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।