CG School Education Department: छत्तीसगढ़ में शिक्षा विभाग ने 16 जून से स्कूल खोलने का फैसला किया है। राज्य में मंगलवार को प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। इस बारे में शिक्षा विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी किया है। इसके अनुसार छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 16 जून 2026 से होगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी कर कहा है कि सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों में 16 तारीख से कक्षाएं शुरू होंगी। शिक्षा विभाग ने पहले गर्मी को देखते हुए छुट्टियों को 20 अप्रैल से 15 जून तक बढ़ाया था, लेकिन अब विभाग ने 16 जून से स्कूल खोलने का फैसला किया है। शाला प्रवेश उत्सव 16 जून को पूरे राज्य में मनाया जाएगा। इस दौरान नए छात्रों का स्वागत, दाखिला अभियान और उत्साहपूर्ण माहौल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।


