CGBSE 2026 Results: कक्षा 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे छात्रों के लिये अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) 30 अप्रैल या एक मई को परीक्षा परिणाम जारी कर सकता है। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। काउंटिंग, मिलान और रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बता दें कि इस बार हिंदी का पेपर लीक होने की वजह से कक्षा 10वीं की हिंदी परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को दोबारा आयोजित की गई थी। इस कारण परीक्षा परीणाम जारी होने में देरी हो रही है। माशिमं की सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि मूल्यांकन का कार्य समय पर हो चुका है। फिलहाल, मिलान की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद रिजल्ट तैयार किया जाएगा। कोई गलती न हो, इसे लेकर सावधानी बरती जा रही है । कार्य की गति को देखते हुए उम्मीद है कि 30 अप्रैल या एक मई तक रिजल्ट जारी हो सकता है।


