रायपुर : मानसून के दौरान निर्माण कार्यों पर लगी स्वाभाविक रोक के बीच लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बारिश के बाद बड़े पैमाने पर विकास कार्य शुरू करने की तैयारी कर ली है। विभाग ने प्रदेशभर में करीब 19 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। बारिश खत्म होते ही वर्कऑर्डर जारी कर प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करते हुए परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की योजना बनाई गई है। सूत्रों के अनुसार, सड़कों, पुल-पुलियों, भवन निर्माण और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। विभाग का मानना है कि मानसून समाप्त होने के बाद निर्माण कार्यों के लिए अनुकूल परिस्थितियां मिलेंगी, जिससे परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा। इसी वजह से अभी से टेंडर और स्वीकृति संबंधी प्रक्रियाओं को गति दी जा रही है, ताकि मौसम साफ होते ही काम शुरू हो सके।


