पेंड्रा : कोटमी साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी से लूट और गोली मारकर की गई हत्या के चर्चित मामले में पुलिस को एक अहम सुराग हाथ लगा है। कोटमी चौकी क्षेत्र के तिलोरा गांव स्थित बोदरा टोला जंगल से ज्वेलरी कारोबार में उपयोग होने वाली सामग्री जली हुई अवस्था में बरामद की गई है। पुलिस को उम्मीद है कि यह सुराग हत्यारों और लुटेरों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। जानकारी के अनुसार, जंगल क्षेत्र से आभूषणों में इस्तेमाल होने वाले पेच, मोती तथा ज्वेलर्स से जुड़े सामान रखने के डिब्बे जले हुए हालत में मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने घटना के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से इन सामग्रियों को जंगल में ले जाकर जला दिया होगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद सामान का संबंध लूटे गए आभूषणों और सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी से तो नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया है कि घटना के अगले दिन सुबह जंगल क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को देखा गया था। इससे जांच को नई दिशा मिली है। जिस स्थान से जली हुई सामग्री बरामद हुई है, वह घना वन क्षेत्र है और उसकी सीमा कोरबा तथा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले से जुड़ती है।
पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीमावर्ती जंगलों का उपयोग कर फरार हुए हो सकते हैं। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए आसपास के जिलों की पुलिस के साथ समन्वय कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि जंगल से बरामद सामग्री मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है। पुलिस सभी तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि कोटमी साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लूट की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। अब जंगल से मिले इस नए सुराग के बाद पुलिस को मामले के जल्द खुलासे की उम्मीद बढ़ गई है।
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।