Delhi Cloud Seeding Updates: दिल्ली में मंगलवार को क्लाउड सीडिंग यानी कृत्रिम बारिश का प्रयास विफल रहा। नमी कम रहने के कारण बारिश खुलकर नहीं हो सकी। आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिक बुधवार को एक बार फिर कृत्रिम बारिश कराने का प्रयास करेंगे। इसके लिए उपकरण युक्त विशेष विमान को दिल्ली में ही रोका गया है। आईआईटी कानपुर के निदेशक मनिंद्र अग्रवाल ने कहा है कि मंगलवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में क्लाउड सीडिंग के माध्यम से बारिश कराने के प्रयास “पूरी तरह सफल नहीं” रहे, क्योंकि बादलों में नमी की मात्रा कम थी और यह प्रक्रिया प्रदूषण की समस्या के लिए कोई जादुई गोली नहीं है, बल्कि एक एसओएस समाधान है। वैज्ञानिकों के मुताबिक कृत्रिम बारिश के लिए 50% नमी आवश्यक है, लेकिन मंगलवार को सिर्फ 20 फीसदी नमी ही मिली।


