राजस्थान में स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सभी 13 सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनियों को सितंबर 2026 के अंत तक 20 हजार नए डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस (डीपीएनजी) कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य दिया गया है। पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन घरेलू उपभोक्ताओं के साथ औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्लस्टरों को भी दिए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता को कम करना है।
21,240 परिवार जुड़े
पिछले दो माह में राजस्थान में 21,240 नए परिवारों को डीपीएनजी सुविधा से जोड़ा गया है। इसी अवधि में 240 औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी पीएनजी सेवा उपलब्ध कराई गई। प्रदेश में अब तक 1.75 लाख घरेलू तथा 1,553 औद्योगिक एवं व्यावसायिक पीएनजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं।
विभाग के अनुसार, प्रदेश में पीएनजी नेटवर्क के विस्तार के साथ उपभोक्ताओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है। आने वाले समय में अधिक से अधिक क्षेत्रों में पाइप्ड गैस सुविधा पहुंचाने की योजना पर काम किया जा रहा है। बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव नवीन जैन ने जयपुर के गांधीनगर, सिविल लाइंस, विद्याधर नगर और मालवीय नगर स्थित सरकारी आवासों में पीएनजी कनेक्शन को प्राथमिकता देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों में पीएनजी कनेक्शन शुरू होने से एक सकारात्मक संदेश जाएगा और आम लोगों में भी इस स्वच्छ ऊर्जा विकल्प को अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।


