Rajasthan High Court Gen Z: राजस्थान हाईकोर्ट ने Gen Z, Gen Alpha और Gen Beta के कल्याण और भविष्य को लेकर स्वतः संज्ञान लिया है। जस्टिस अनूप कुमार ढंड की अदालत ने 24 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर केंद्र और राजस्थान सरकार से स्थिति रिपोर्ट और कार्य योजना पेश करने को कहा है। अदालत ने शिक्षा, तकनीक, एआई, मानसिक स्वास्थ्य, बेरोजगारी, पेपर लीक और बच्चों की बुनियादी क्षमताओं से जुड़े कई मुद्दों को भविष्य की पीढ़ियों से जोड़ते हुए सरकार से जवाब मांगा है। अदालत ने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ रही पीढ़ियां ही आने वाले भारत की कार्यशक्ति, नेतृत्व और जिम्मेदारियों को संभालेंगी। उन्हें कैसी शिक्षा, वातावरण और अवसर मिलते हैं, इसका सीधा असर देश के भविष्य पर पड़ेगा। कोर्ट ने Gen Z को 1997 से 2012, Gen Alpha को 2013 से 2024 और Gen Beta को 2025 से 2039 के बीच जन्म लेने वाली पीढ़ियों के तौर पर संदर्भित किया है।


